बांकीपुर उपचुनाव परिणाम मे बड़ी बढ़त के बाद प्रशांत किशोर का पहला बयान, सम्राट चौधरी पर साधा निशाना

बांकीपुर उपचुनाव परिणाम मे बड़ी बढ़त के बाद प्रशांत किशोर का पहला बयान, सम्राट चौधरी पर साधा निशाना

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बड़ी बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं। शुरुआती रुझानों में 15 हजार से अधिक वोटों की बढ़त मिलने के बाद उन्होंने पहली बार मीडिया से बातचीत की और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने बांकीपुर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी बताईं।

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर को बड़ी बढ़त

सोमवार को जारी मतगणना के रुझानों में प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। उपलब्ध रुझानों के अनुसार, वह 15 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा दूसरे स्थान पर और राजद की रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।

इन रुझानों के बाद प्रशांत किशोर पहली बार मीडिया के सामने आए और चुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

सम्राट चौधरी पर क्या बोले प्रशांत किशोर?

मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा,

“ये लड़ाई व्यक्तिगत नहीं है। मुख्यमंत्री का चरित्र पब्लिक डोमेन में है। किसी काबिल आदमी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाइए ताकि बिहार का विकास हो।” उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।

जीत के बाद बांकीपुर के लिए क्या करेंगे?

जब प्रशांत किशोर से पूछा गया कि यदि वह चुनाव जीतते हैं तो सबसे पहला काम क्या करेंगे, तो उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बांकीपुर में सुधार कार्यों को आगे बढ़ाना होगी।

उन्होंने कहा, “अपनी ओर से जो हो सकेगा, बांकीपुर में सुधार का कार्य करवाएंगे। कुछ महीने में आपको सुधार दिखना शुरू हो जाएगा। मैं बांकीपुर को कोई बेंगलुरु नहीं बना दूंगा, लेकिन आपको सुधार देखने को मिलेगा।”

उन्होंने संकेत दिया कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

भाजपा के लिए क्यों अहम है यह सीट?

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। यह सीट पहले भाजपा के नितिन नवीन के पास थी। उनके राज्यसभा सदस्य बनने और विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया।

भाजपा ने इस सीट को बचाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंकी थी। हालांकि, शुरुआती रुझानों में पार्टी पिछड़ती नजर आ रही है, जिससे इसे बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

राजद भी तीसरे स्थान पर

मतगणना के शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर चल रही हैं। ऐसे में यदि यही रुझान अंतिम परिणाम में बदलते हैं, तो यह राजद के लिए भी चिंता का विषय माना जाएगा।

अब सभी की निगाहें अंतिम चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जिससे यह साफ होगा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत किसके खाते में जाती है।

Read Morehttps://nationagenda.com/bihar-prashant-kishor-to-contest-the-bankipur-assembly-by-election-the-party-has-declared-him-its-candidate-2026-07-05-1229316/

Written by Ambar Pandey

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *