नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स से बाहर, चोट के चलते 2026 का बाकी सीजन किया खत्म। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के फैंस के लिए बुरी खबर है। टखने में लगी चोट के कारण नीरज चोपड़ा ने 2026 के बाकी बचे सीजन से नाम वापस ले लिया है। इसका सीधा असर अगले महीने होने वाले एशियन गेम्स पर भी पड़ा है, जहां उनसे भारत को गोल्ड मेडल की बड़ी उम्मीद थी। नीरज ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैंस को इस फैसले की जानकारी दी। उनके इस फैसले के बाद डायमंड लीग फाइनल्स और एशियन गेम्स में उनका इंतजार कर रहे खेल प्रेमियों को बड़ा झटका लगा है।
नीरज चोपड़ा को ट्रेनिंग के दौरान टखने में लगी चोट
नीरज चोपड़ा ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट फट गया। चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपनी मेडिकल टीम और डॉक्टरों से सलाह-मशविरा किया। इसके बाद टीम ने मिलकर मौजूदा सीजन को यहीं खत्म करने का फैसला लिया। नीरज ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह दुर्भाग्य से इस सीजन के बाकी इवेंट्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। ऐसे में अब उनका पूरा ध्यान चोट से उबरने और अगले सीजन के लिए खुद को तैयार करने पर रहेगा।
नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फाइनल के लिए कर चुके थे क्वालिफाई
खास बात यह है कि नीरज ने इस सीजन के डायमंड लीग फाइनल्स में अपनी जगह पक्की कर ली थी। शुक्रवार को ही उनके नाम के आगे क्वालिफाई होने का ‘Q’ मार्क लगा था। ज्यूरिख में हुए मुकाबले में हिस्सा नहीं लेने के बावजूद वह फाइनल की रेस में अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रहे। लेकिन क्वालिफिकेशन हासिल करने के ठीक अगले दिन नीरज के सीजन से हटने की खबर सामने आई। इससे उनके फैंस को काफी निराशा हुई है।

नीरज चोपड़ा ने किया लुसाने में 88.05 मीटर का शानदार थ्रो
2026 में नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग के दो मुकाबलों में हिस्सा लिया। दोहा डायमंड लीग में वह चौथे स्थान पर रहे, जबकि लुसाने में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 88.05 मीटर का थ्रो किया। लुसाने में नीरज महज 9 सेंटीमीटर के अंतर से पहला स्थान हासिल करने से चूक गए और उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। इस प्रदर्शन के जरिए उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म का संकेत दिया था।
नीरज चोपड़ा को एशियन गेम्स में गोल्ड की थी बड़ी उम्मीद
एशियन गेम्स में नीरज चोपड़ा से भारत को सबसे ज्यादा उम्मीदें थीं। उनके रिकॉर्ड और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा था कि वह एक बार फिर जैवलिन थ्रो में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीत सकते हैं। हालांकि, चोट के कारण अब वह इस बड़े टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होंगे। नीरज का बाहर होना भारतीय एथलेटिक्स टीम के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है।
नीरज चोपड़ा अब अगले सीजन पर रहेगा फोकस
नीरज चोपड़ा के लिए फिलहाल सबसे जरूरी चोट से पूरी तरह उबरना है। सीजन के बाकी मुकाबलों से नाम वापस लेने का फैसला भले ही फैंस के लिए निराशाजनक हो, लेकिन लंबे करियर को देखते हुए यह फैसला उनके लिए अहम माना जा रहा है। अब नीरज की नजर रिकवरी के बाद अगले सीजन में दमदार वापसी पर होगी।
read more https://nationagenda.com/shooting-legend-jaspal-rana-passes-away-wave-of-grief-in-the-sports-world/
written by Suchana Nanda

