AAP विधायक कुलदीप कुमार को घर से ले जाने का दावा, पुलिस पर सादे कपड़ों में हिरासत में लेने का आरोप
दिल्ली में सफाई कर्मचारी की हत्या के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी और दिल्ली पुलिस के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि उसके विधायक कुलदीप कुमार को मंगलवार तड़के उनके घर से पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए। पार्टी के मुताबिक, पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में पहुंचे थे और विधायक को यह भी नहीं बताया गया कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि करीब 20 पुलिसकर्मी सुबह लगभग 4 बजे कुलदीप कुमार के घर पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए। पार्टी का कहना है कि विधायक के परिवार को भी उनकी लोकेशन की जानकारी नहीं दी गई है।
सफाई कर्मचारी की हत्या के बाद AAP विधायक कुलदीप कुमार ने की प्रदर्शन
यह पूरा मामला दिल्ली में सफाई कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या से जुड़ा है। आम आदमी पार्टी के अनुसार, कुलदीप कुमार पिछले दो दिनों से मृतक के परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। विधायक की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पीड़ित परिवार की मुलाकात कराने की मांग भी की जा रही थी। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में धरना भी चल रहा था।
AAP विधायक कुलदीप कुमार के फोन भी साथ नहीं ले जाने देने का आरोप
कुलदीप कुमार की टीम ने आरोप लगाया है कि जब पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई, तब उन्हें अपना मोबाइल फोन तक साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। परिवार को यह भी नहीं बताया गया कि विधायक को किस जगह ले जाया गया है। AAP ने यह भी आरोप लगाया है कि मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है और उनकी इच्छा के खिलाफ अंतिम संस्कार कराने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सुबह 9 बजे प्रस्तावित था बड़ा धरना
आम आदमी पार्टी के मुताबिक, सफाई कर्मचारी की हत्या और परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार सुबह 9 बजे बड़े धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। इससे पहले कुलदीप कुमार ने एक वीडियो संदेश जारी कर प्रदर्शन को लेकर जानकारी दी थी। पार्टी का आरोप है कि प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले विधायक को उनके घर से हिरासत में लिया गया। AAP ने सवाल उठाया है कि आखिर विधायक को कहां ले जाया गया और परिवार को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई।
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल इस मामले में दिल्ली पुलिस या सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में कुलदीप कुमार को पुलिस ने किस आधार पर और किस स्थान पर ले जाया, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। AAP के आरोपों और पुलिस के आधिकारिक पक्ष के सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
written by Suchana Nanda

