आस्था कुंज पार्क गैंगरेप: दिल्ली के कालकाजी इलाके के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित गैंगरेप के मामले में पीड़िता का पुलिस को दिया बयान सामने आया है। पीड़िता के मुताबिक, 21 सितंबर की शाम वह अपने दोस्त के साथ पार्क में बैठी थी। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों से पूछताछ शुरू कर दी।
पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपियों ने दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद उसे डराने के लिए बंदूक और चाकू दिखाए गए। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब पीड़िता के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है।
जन्मदिन पर मंदिर गई थी किशोरी
आस्था कुंज पार्क गैंगरेप में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर को उसका जन्मदिन था। वह शाम करीब 5 बजे घर से निकली थी। इसके बाद वह अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची। दोनों ने मंदिर में दर्शन किए।
दर्शन के बाद दोनों ने कालकाजी मेट्रो स्टेशन के पास चिप्स और पानी खरीदे। किशोरी ने बताया कि वह आगे इस्कॉन मंदिर भी जाना चाहती थी। इससे पहले दोनों कुछ देर आस्था कुंज पार्क में बैठने चले गए। दोनों पार्क के एक हिस्से में झूले के पास बेंच पर बैठे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। पीड़िता के मुताबिक, तीनों की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच थी।
खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाया
पीड़िता के बयान के मुताबिक, तीनों युवकों ने उसके दोस्त को पकड़कर थप्पड़ मारा। जब दोनों ने पूछा कि वे कौन हैं, तो आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने पार्क में आने को लेकर दोनों से सवाल किए। इसके बाद आरोपियों ने दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। पीड़िता ने उनसे कहा कि जो भी पूछना है, वहीं पूछें और उसकी मां से बात कर लें। लेकिन आरोपियों ने उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद उन्होंने उसे पार्क के सुनसान हिस्से की तरफ ले जाना शुरू कर दिया।

‘आसिफ भाई, गन निकाल…’
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान एक आरोपी ने दूसरे आरोपी को आवाज लगाकर कहा, ‘आसिफ भाई, गन निकाल।’ उसके बयान के मुताबिक, आसिफ नाम के आरोपी ने अपनी जींस की जेब से काले रंग की पिस्तौल निकाली और उसे दिखाया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू भी निकाल लिए। पीड़िता के अनुसार, हथियार दिखाकर उसे पार्क के एक अंधेरे और सुनसान हिस्से में ले जाया गया। वहां उसे धमकाया गया।
चाकू दिखाकर यौन हिंसा का आरोप
पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि सुनसान हिस्से में उसके साथ जबरदस्ती की गई। उसके मुताबिक, चाकू के जरिए उसे डराया गया और तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह लगातार रोती रही और दर्द से परेशान थी। पुलिस अब उसके बयान के साथ मेडिकल और फोरेंसिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
वारदात के बाद दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने उसे कपड़े दिए। इसके बाद उसके दोस्त को वापस उसके पास लाया गया और दोनों के मोबाइल फोन लौटा दिए गए। आरोपियों ने दोनों को तुरंत वहां से चले जाने के लिए कहा। साथ ही कथित तौर पर धमकी दी कि अगर उन्होंने घटना के बारे में किसी को बताया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पार्क से बाहर निकलने के बाद किशोरी ने अपने दोस्त को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसके दोस्त ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों की पहचान आसिफ, हेमंत और उसके छोटे भाई मुकेश के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, हेमंत और मुकेश को उनके घर से पकड़ा गया। वहीं आसिफ को लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमेन के पास पुलिस कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस जुटा रही फोरेंसिक सबूत
मामले की जांच में पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, फोरेंसिक टीम ने पार्क के नर्सरी वाले हिस्से और गेट नंबर-8 के आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने कई लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। इनमें पीड़िता और उसके दोस्त के अलावा सुरक्षा गार्डों के बयान शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
आस्था कुंज पार्क की इस घटना में पुलिस अब पीड़िता के बयान और घटनास्थल से मिले सबूतों का मिलान कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के अलावा फोरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। फिलहाल मामले में अदालत की प्रक्रिया जारी है और आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की कानूनी जांच होनी बाकी है। पीड़िता के बयान में सामने आई बातें जांच का हिस्सा हैं, इसलिए इन्हें अंतिम न्यायिक निष्कर्ष के रूप में नहीं देखा जा सकता।
Read More https://nationagenda.com/jamui-minor-couple-case-viral-video-7-fir-3-arrested/
Written by Ambar Pandey

