दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कार्यस्थल का लिया जायजा
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कल 19 जून को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले मेगा जाॅब फेयर के आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जरुरी दिशा निर्देश भी जारी किए. राहुल गांधी के जन्मदिन को प्रेरणादायक बनाने के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी और भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा संयुक्त रुप से मेगा जाॅब फेयर का आयोजन दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में किया जायेगा, जिसमें हजारों बेरोजगारों को मौके पर रोजगार देने के लिए 150 से अधिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कंपनियां मौजूद रहेगी और युवाओं के सलेक्शन के बाद कल ही नियुक्ति पत्र भी सौंपेगी.
इस जॉब फेयर में 150 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना है. आयोजन के जरिए एक ही दिन में 5,000 से 10,000 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. युवा कांग्रेस इस कार्यक्रम को अपने देशव्यापी अभियान रोजगार, न्याय और जवाबदेही का हिस्सा बता रही है. पार्टी का कहना है कि एक तरफ वह पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेर रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने की कोशिश भी कर रही है.
नौकरी के लिए युवाओं का कराया गया पंजीकरण
वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों द्वारा मेगा जाॅब फेयर में नौकरी के लिए हजारों युवाओं का ऑनलाइन और ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है और हजारों युवा मेगा जाॅब फेयर में शामिल होने के लिए लगातार जिला व ब्लाक अध्यक्ष सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सम्पर्क साध रहे है. तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित मेगा जाॅब फेयर की तैयारियों के लिए किए गए निरीक्षण में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव के साथ प्रदेश महासचिव (संगठन) और कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज मुख्य रुप से मौजूद थे.

