नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को संसद परिसर में विपक्षी नेताओं के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में हुई बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कल्याण बनर्जी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और निर्दलीय सांसद पप्पू यादव आपस में राजनीतिक तंज और मजाक करते नजर आए। बातचीत के दौरान मौजूद अन्य सांसद भी मुस्कुराते दिखाई दिए।
बैनर से शुरू हुई बातचीत
वीडियो में कल्याण बनर्जी संसद परिसर में एक बैनर लगाए हुए दिखाई देते हैं। इसी दौरान वहां प्रियंका गांधी और पप्पू यादव भी मौजूद रहते हैं। बातचीत की शुरुआत करते हुए कल्याण बनर्जी कहते हैं कि वे “20 गद्दारों” की तस्वीर लेकर आए हैं, जो संसद के भीतर बैठे हैं। उनके इस बयान के बाद वहां मौजूद नेताओं के बीच हल्के अंदाज में राजनीतिक चर्चा शुरू हो जाती है।
प्रियंका गांधी ने दिया जवाब
कल्याण बनर्जी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा कहती हैं, “कुछ लोग पहले हमारे यहां से आपके यहां गए और फिर बीजेपी में चले गए।”
इस पर कल्याण बनर्जी जवाब देते हैं कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की स्थिति मजबूत नहीं थी, इसलिए कई नेता तृणमूल कांग्रेस में आए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़कर उनकी पार्टी में आए, वे कांग्रेस के टिकट पर संसद नहीं पहुंचे थे।
पप्पू यादव ने भी बीच में की टिप्पणी
बातचीत के दौरान निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी चर्चा में शामिल हो जाते हैं। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, “तो वो कांग्रेसी हैं ना…”
इस पर कल्याण बनर्जी मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, “अरे, कांग्रेसी तो हम लोग भी थे।” इस जवाब के बाद वहां मौजूद नेताओं के बीच हल्की हंसी-मजाक का माहौल बन जाता है।

ममता बनर्जी और कांग्रेस का भी हुआ जिक्र
बातचीत आगे बढ़ने पर कल्याण बनर्जी ने प्रियंका गांधी से कहा कि अगर कांग्रेस ने ममता बनर्जी को नहीं छोड़ा होता, तो पार्टी की स्थिति अलग हो सकती थी।
इसके जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि राजीव गांधी ममता बनर्जी का काफी सम्मान और स्नेह करते थे। इस पर कल्याण बनर्जी ने कहा कि उस दौर में कांग्रेस ने सीपीएम के साथ जाने का फैसला किया था, जबकि वे हमेशा से सीपीएम के विरोध में रहे।
वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में
संसद परिसर में नेताओं के बीच हुई यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा की जा रही है। वीडियो में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद नेताओं के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में हुई बातचीत लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।
Written by Ambar Pandey

