बसपा यानि बहुजन समाज पार्टी से बाहर किए गए आकाश आनंद को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। बसपा से निष्कासन के बाद अब दूसरी राजनीतिक पार्टियों की ओर से उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। पहले समाजवादी पार्टी की ओर से आकाश आनंद को लेकर सकारात्मक संकेत मिले और अब कांग्रेस नेता उदित राज ने उन्हें कांग्रेस में शामिल होने का खुला ऑफर दिया है।
आकाश आनंद को लेकर यह राजनीतिक चर्चा ऐसे समय तेज हुई है, जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी दल अपने-अपने समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में आकाश आनंद का अगला राजनीतिक कदम काफी अहम माना जा रहा है।
बसपा से क्यों बाहर हुए आकाश आनंद?
बसपा ने आकाश आनंद को कई बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं और फिर उनसे वापस भी ली गईं। हालिया घटनाक्रम में मायावती ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया। इससे पहले मायावती ने कहा था कि आकाश आनंद के बसपा में सक्रिय भूमिका निभाने पर उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ का राजनीतिक भविष्य भी अहम है।
मायावती ने शर्त रखी थी कि अशोक सिद्धार्थ अगर पूरी तरह राजनीति से संन्यास लेते हैं तो आकाश आनंद को दोबारा पार्टी में जिम्मेदारी देने पर विचार किया जा सकता है। इसके बाद अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान भी किया था।
कांग्रेस नेता उदित राज ने दिया आकाश आनंद को ऑफर
कांग्रेस नेता उदित राज ने आकाश आनंद को कांग्रेस में शामिल होने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि अगर आकाश आनंद कांग्रेस में आते हैं तो वह उन्हें राहुल गांधी से मिलवा सकते हैं। उदित राज ने बसपा से आकाश आनंद को बाहर किए जाने के फैसले पर भी सवाल उठाया और इसे आत्मघाती कदम बताया।
उदित राज के इस बयान के बाद आकाश आनंद को लेकर कांग्रेस की दिलचस्पी चर्चा में आ गई है। हालांकि, अभी तक आकाश आनंद की ओर से कांग्रेस के इस ऑफर को स्वीकार करने को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है।

सपा ने भी पहले ही खोल दिए हैं दरवाजे
कांग्रेस से पहले समाजवादी पार्टी की ओर से भी आकाश आनंद को लेकर सकारात्मक संकेत सामने आए थे। सपा प्रवक्ता ने उनके पार्टी में आने की स्थिति में स्वागत की बात कही थी। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि राजनीति में दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं और समान सोच रखने वालों का स्वागत किया जाता है। हालांकि, अखिलेश यादव ने आकाश आनंद के सपा में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
यानी अभी स्थिति यह है कि आकाश आनंद के सामने सपा और कांग्रेस दोनों की ओर से राजनीतिक विकल्प मौजूद दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, उनका अगला कदम क्या होगा, इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं है।
Read More https://nationagenda.com/up-election-2027-bjp-sp-bsp-lucknow-meeting-mission-2027/
Written by Ambar Pandey


One thought on “बसपा से निष्कासित आकाश आनंद को मिलने लगे ऑफर, सपा के बाद कांग्रेस ने भी दिया बुलावा”