दिल्ली में जनकल्याण शिविरों की बहार: पिंक कार्ड से आयुष्मान तक 21 योजनाओं का मिलेगा लाभ

City NEWS

18 से 20 जून तक 42 स्थानों पर जनता के लिए विशेष शिविर

दिल्लीवासियों के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत राजधानी के 42 अलग-अलग स्थानों पर जनकल्याण शिविर लगाए गए हैं। 18 जून से 20 जून तक चलने वाले इन शिविरों में नागरिकों को एक ही स्थान पर सरकार की 21 महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। खास बात यह है कि लाभार्थियों को केवल अपना आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और आवश्यक पहचान दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंचना है।

एक ही छत के नीचे मिल रही हैं कई सरकारी सुविधाएं

इन जनकल्याण शिविरों में पिंक कार्ड, राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जनधन खाता, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति और एमएसएमई लोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा विधवा, दिव्यांग एवं वृद्धावस्था पेंशन से जुड़े मामलों का भी समाधान किया जा रहा है। शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएं पिंक कार्ड बनवा रही हैं, जबकि अन्य नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पहुंच रहे हैं।

मौके पर ही हो रहा समस्याओं का समाधान

जनकल्याण शिविर केवल योजनाओं का लाभ देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निपटारा भी किया जा रहा है। पानी के गलत बिलों का सुधार, जुर्माना माफी, अवैध जल कनेक्शनों का नियमितीकरण, आधार अपडेट और विभिन्न प्रमाण पत्रों से संबंधित समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश मामलों का निस्तारण तत्काल किया जा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर उठाएं लाभ

उत्तर-पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिणी, उत्तरी, पूर्वी, रोहिणी, जनकपुरी, नजफगढ़, महरौली, पालम, बंगाली मार्केट, नरेला और अन्य जिलों में ये शिविर संचालित किए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार और संबंधित विभागों ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ नजदीकी शिविर में पहुंचें और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। यह पहल न केवल योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *