अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस गड्ढे में पलटी, एक की मौत; 30 लोग घायल

अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस गड्ढे में पलटी, एक की मौत; 30 लोग घायल

अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस गड्ढे में पलटी, एक की मौत; 30 लोग घायल

बिहार के बेतिया से अयोध्या राम मंदिर के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा उस वक्त हादसे में बदल गई, जब उनकी डबल डेकर बस उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा मंगलवार देर रात करीब 2 बजे हुआ। दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

रात के अंधेरे में हुआ हादसा

जानकारी केअनुसार, बस में बिहार के बेतिया से आए श्रद्धालु सवार थे और सभी अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। रात करीब दो बजे नेशनल हाईवे-30 पर उचौलिया थाना क्षेत्र में एक गुरुद्वारे के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते डबल डेकर बस सड़क किनारे मौजूद गड्ढे में पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

एक श्रद्धालु की मौत

पुलिस के मुताबिक, हादसे में 50 वर्षीय हरि शंकर लाल यादव की मौत हो गई। वहीं, बस चालक समेत करीब 30 यात्री घायल हुए हैं। इनमें कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद बस सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी। हालांकि, हादसे की सही वजह की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए पसगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल करीब छह यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए शाहजहांपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

अयोध्या दर्शन से पहले पसरा मातम

बिहार से निकले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा अयोध्या पहुंचने से पहले ही दर्दनाक हादसे में बदल गई। सभी श्रद्धालु राम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

मथुरा में भी हुआ था बस हादसा

उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में बस दुर्घटनाओं के मामले भी सामने आए हैं। पिछले महीने मथुरा जिले में नेशनल हाईवे-19 पर दो रोडवेज बसों की टक्कर हो गई थी। उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस ने हरियाणा रोडवेज की बस को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसा कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन के पास हुआ था। दुर्घटना में 13 से ज्यादा यात्री घायल हुए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और NHAI की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया था। घायलों को कोसीकलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।

read more https://nationagenda.com/sitamarhi-dowry-death-in-sitamarhi-brother-carries-body-on-bike-my-sister-is-not-unclaimed-brother-takes-body-away-on-a-bike-from-the-cremation-ground-sitamarhi-incident-shocks-dowry-death-alleged/

written by Suchana Nanda

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *